By
ENTERTAINMENT | 12:00:00 AM
MUMBAI:
दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के निधन को करीब डेढ़ महीना बीत चुका है। इस बीच अब तक मामले को लेकर उनके परिवार की तरफ से कोई बड़ी प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी। लेकिन सुशांत के परिवार ने अब इस मामले को लेकर अपनी चुप्पी तोड़ी है। सुशांत के पिता केके सिंह ने हाल ही में अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई है।
एएनआई की एक रिपोर्ट के मुताबिक पटना के राजीव नजर थाने में सुशांत सिंह राजपूत के पिता केके सिंह ने रिया चक्रवर्ती के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई है। रिया के ऊपर सुशांत को आत्महत्या के लिए उकसाने के साथ ही कई धाराओं में ये मामला दर्ज किया गया है। इस बात की जानकारी पटना सेंट्रल जोन के जनरल इंस्पेक्टर संजय सिंह ने दी है।
इसके साथ ही इस मामले में चार सदस्यीय टीम को मुंबई भेजा गया है। यह टीम मुंबई पुलिस से मिलकर उनसे मामले की केस डायरी के अलावा अन्य जरुरी कागजात हासिल करेगी। इस बात की जानकारी भी संजय सिंह ने दी है।
बता दें कि सुशांत सिंह राजपूत के परिवार को शक है कि रिया चक्रवर्ती और उनके परिवार वालों ने सुशांत को धोखा दिया और साथ ही उसके पैसे हड़प लिए। जिसके बाद परिवार की तरफ से ये कदम उठाया गया है। परिवार के द्वारा उठाए गए इस कदम के बाद इस मामले की जांच में तेजी आ सकती है साथ कई अहम खुलासे भी किए जा सकते हैं। बता दें कि रिया, सुशांत सिंह राजपूत के साथ रिलेशनशिप में थीं।
गौरतलब है कि इस मामले में अब तक करीब 40 लोगों के बयान दर्ज किए जा चुके हैं। जिनमें से एक रिया चक्रवर्ती भी हैं। रिया से भी मामले को लेकर पूछताछ की गई थी। जिसमें उन्होंने कई अहम जानकारियां दी थीं। वहीं कुछ दिन पहले सामने आया था कि रिया सुशांत का क्रेडिट कार्ड इस्तेमाल करती थीं। यहां तक कि वो अपीन फॉरेन ट्रिप पर भी सुशांत का ही कार्ड लेकर गई थीं। जिसके बाद अब परिवार की शक के आधार पर की गई कार्रवाई इस केस को एक नया मोड़ देगी।