Bhopal News: मतांतरण कराने वाले दो आरोपित और गिरफ्तार, बीस लाख रुपये और बच्चों की अच्छी शिक्षा का देते थे लालच

By Anand Kumar

Crime  | 12:00:00 AM

title

BHOPAL :

पुलिस ने रविवार को एक व्यक्ति की शिकायत पर शिव नगर इलाके से तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया था, जो लोगों को प्रलोभन देकर मतांतरण के लिए उकसा रही थीं। तब उनके दो साथी फरार होने में कामयाब हो गया था। पुलिस ने इन फरार आरोपितों को बाद में गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपित केरल के रहने वाले हैं।

पिपलानी पुलिस ने रविवार को शिव नगर, आनंद नगर से मतांतरण का प्रचार कर रहीं तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया था। इस दौरान उनके दो साथी मौके से फरार हो गए थे। बुधवार को पुलिस ने दोनों फरार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों मूल रूप से केरल के रहने वाले हैं। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।

इधर, पुलिस की जांच में खुलासा हुआ कि गिरफ्तार हुई तीनों महिलाओं में से दो ने स्वयं मतांतरण कर ईसाई धर्म अपनाया है। एक महिला ने तो दो महीने पहले ही मतांतरण किया था।

बता दें कि कोकता निवासी धनवीर सिंह ठाकुर ने मामले में एफआइआर करवाई थी। वे शिव नगर में पार्ट्स शाप का संचालन करते हैं। उन्होंने बताया कि रविवार शाम को वे अपनी दुकान के बाहर खड़े थे, तभी उन्होंने देखा कि तीन महिलाएं और दो पुरुष हाथ में पंपलेट लिए बस्ती के लोगों को कुछ समझा रहे हैं। जब उन्होंने महिलाओं के पास पहुंचकर उनसे बातचीत शुरू की तो पता चला कि वे ईसाई समाज की हैं और अपने धर्म की अच्छाइयां लोगों को बता रही हैं।

जब धनवीर सिंह ठाकुर ने महिलाओं से पूछा कि आपके धर्म को अपनाने से क्या फायदा होगा, तब एक महिला ने कहा कि बीस लाख रुपये मिलेंगे और बच्चों की शिक्षा अच्छे स्कूल में मुफ्त में कराई जाएगी। इस पर धनवीर ने आनंद नगर चौकी से पुलिस को बुला लिया और तीनों महिलाओं को पुलिस के हवाले कर दिया। इस दौरान दो युवक वहां से फरार हो गए थे।

एसआई संतोष रघुवंशी ने बताया कि शिकायत मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू की थी। मौके पर तस्दीक कराने पर फरियादी की शिकायत पर पुष्टि हुई। महिलाओं के पास से प्रचार-प्रसार संबंधी पर्चे मिले। गिरफ्तार महिलाओं के नाम मेरी वस्तवाल, मेरी मसीह व सुमन मसीह हैं। दो अन्य आरोपी चंद्रभान और बदाप्रसाद वहां से भागने में कामयाब हो गए थे। दोनों को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया।

तीनों महिलाओं को मुचलके पर छोड़ा

तीनों आरोपित महिलाएं नन हैं। उनमें से दो महिलाएं भोपाल व एक नर्मदापुरम की रहने वाली है। पांचों आरोपितों पर धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है। गिरफ्तार तीनों महिलाओं को नोटिस देकर जमानत पर छोड़ा गया है।

 

WhatsApp      Gmail