Weather Update : यूपी, उत्तराखंड, बिहार के कुछ हिस्सों में मानसून अब भी सक्रिय ,अधिकांश राज्यों से लौटा मानसून

By DAMINI

Weather  | 12:00:00 AM

title

DELHI :

देश के अधिकतर राज्यों से दक्षिण-पूर्व मानसून 2022 की विदाई हो चुकी है। हालांकि, यूपी, उत्तराखंड, बिहार के कुछ हिस्सों में यह अब भी सक्रिय है। बंगाल की खाड़ी में एक सिस्टम बनने और यूपी में चक्रवाती हवाओं के चलते देश के कुछ भागों में अगले कुछ दिनों में हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। 

पिछले कुछ सालों की भांति इस बार भी मानसून की देश में औसत से ज्यादा बारिश हुई है। हालांकि यूपी, बिहार, झारखंड व पूर्वोत्तर के कुछ हिस्सों में यह अपेक्षाकृत कमजोर रहा है। औपचारिक रूप से देखें तो 30 सितंबर को वर्षाकाल समाप्त हो चुका है। अब होने वाली बारिश शीतकालीन वर्षा मानी जाती है। चूंकि बंगाल की खाड़ी से चक्रवाती हवाओं से नमी मिलना जारी है, इसलिए छुटपुट बारिश का सिलसिला अब भी जारी रह सकता है। दशहरे पर कुछ जगह रावण गल सकते हैं, इसलिए दहन के लिए उनके बचाव के खास इंतजाम किए जा रहे हैं।


इस बीच, मौसम विभाग ने यूपी, उत्तराखंड, हिमाचल के कुछ इलाकों समेत देश के कुछ हिस्सों में आज से तीन चार दिनों तक वर्षा का अनुमान जताया है। बिहार, ओडिशा, झारखंड, छत्तीसगढ़ में भी कुछ जगह हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में छह और सात अक्तूबर, पूर्वी उत्तर प्रदेश में पांच से सात अक्तूबर, उत्तराखंड में छह और सात अक्तूबर को तेज बारिश हो सकती है।

राजधानी दिल्ली में भी हल्की बारिश के आसार
दिल्ली व एनसीआर इलाके में आज आंशिक रुप से बादल छाए रहेंगे, लेकिन उसके बाद से रविवार तक हल्की से मध्यम स्तर की बारिश का दौर जारी रहेगा। इसका असर तापमान पर भी पड़ेगा और तापमान गिरकर 30 डिग्री तक पहुंच जाएगा। उसके बाद अक्टूबर का मध्य आते-आते सुबह शाम की हल्की सर्दी का अहसास होने लगेगा।

निजी मौसम एजेंसी स्कॉयमेट के अनुसार पश्चिम मध्य और उससे सटी उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी पर चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। इसके साथ ही उत्तर पूर्व बंगाल की खाड़ी और आसपास के क्षेत्रों पर भी ऐसा ही क्षेत्र बना हुआ है। इसके असर से देश के कुछ भागों में वर्षा हो सकती है।

बीते 24 घंटे में यहां हुई वर्षा
केरल में हल्की से मध्यम बारिश हुई और कुछ स्थानों पर भारी बारिश हुई।
पश्चिम बंगाल, ओडिशा, तटीय आंध्र, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक और लक्षद्वीप में हल्की से मध्यम बारिश हुई।
उत्तराखंड, विदर्भ, सौराष्ट्र और कच्छ, तमिलनाडु और केरल में हल्की बारिश हुई।

यहां बारिश का अनुमान
बिहार, ओडिशा, झारखंड में भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।
पूर्वोत्तर भारत, कोंकण और गोवा और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
तटीय आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, पूर्वी उत्तर प्रदेश, लक्षद्वीप और उत्तराखंड में हल्की बारिश संभव है।

#WEATHER
WhatsApp      Gmail    

Copyright 2020, Himaksh Enterprises | All Rights Reserved