छत्तीसगढ़ : कांग्रेस की राजनीति में छत्तीसगढ़ माडल प्रमुखता से उभरकर सामने आ रहा ,राहुल गांधी ने तेलंगाना में की छत्तीसगढ़ माडल की तारीफ

By DAMINI

CHHATTISGARH  | 12:00:00 AM

title

RAIPUR :

कांग्रेस की राजनीति में छत्तीसगढ़ माडल प्रमुखता से उभरकर सामने आ रहा है। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी शुक्रवार को तेलंगाना के वारंगल पहुंचे थे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए राहुल ने छत्तीसगढ़ माडल की जमकर तारीफ की।

राहुल गांधी ने कहा कि छत्तीसगढ़ में हमारी सरकार है। हमने चुनाव से पहले लोगों से दो प्रमुख वादे किए थे। कांग्रेस ने कहा था कि सत्ता में आने पर किसानों का कर्ज माफ किया जाएगा। चुनाव से पहले लोगों से जब कांग्रेस नेताओं ने जनघोषणा पत्र बनाने से पहले बात की थी, तब किसानों ने कहा था कि कर्ज माफी होनी चाहिए।

साथ ही यह भी कहा था कि धान की कीमत 2,500 रुपए प्रति क्विंटल दी जाए। किसानों की आवाज को हमने सुना और सरकार बनते ही कर्ज माफ किया। आज छत्तीसगढ़ जाएं, वहां के लोग बताएंगे कि धान की क्या कीमत मिल रही है। पूरे छत्तीसगढ़ का किसान बताएगा कि धान की कीमत 2,500 रुपए मिल रहा है।

ऐसा नहीं है कि कांग्रेस ने पहली बार छत्तीसगढ़ माडल का जिक्र किया है। इससे पहले उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में भी कांग्रेस ने कर्ज माफी और 2,500 रुपए में धान खरीदी की बात कही थी। कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश के चुनावी घोषणा पत्र में छत्तीसगढ़ की इन दोनों योजनाओं के साथ ही गोठान योजना का भी जिक्र किया था।

छत्तीसगढ़ माडल को लेकर देश की राजनीति में आगे बढ़ने की तैयारी

दरअसल, कांग्रेस शासित राज्यों में सबसे मजबूत सरकार छत्तीसगढ़ की मानी जा रही है। प्रदेश के 90 विधानसभा सीट में से कांग्रेस के 71 विधायक हैं। ऐसे में सरकार उन सभी योजनाओं को पूरा करने पर जोर दे रही है, जिसकी मांग चुनाव के समय जनता ने की थी। कांग्रेस भी छत्तीसगढ़ माडल को लेकर देश की राजनीति में आगे बढ़ने की दिशा में दिख रही है।

चिंतन शिविर में शामिल होंगे छत्तीसगढ़ के चार नेता

राजस्थान में होने वाले कांग्रेस का चिंतन शिविर में छत्तीसगढ़ के चार नेताओं को आमंत्रित किया गया है। चिंतन शिविर में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम, मंत्री टीएस सिंहदेव और राष्ट्रीय सचिव विकास उपाध्याय शामिल होंगे। कांग्रेस ने कृषि और किसानों के मुद्दे को लेकर बनाई गई कमेटी में मंत्री सिंहदेव को शामिल किया है।

#CHHATTISGARH
WhatsApp      Gmail    

Copyright 2020, Himaksh Enterprises | All Rights Reserved